शाही विवाह के लिए पोशाक चर्चा

डेविड कैमरन
इमेज कैप्शन, पोशाक पर चर्चा दिलचस्प ज़रूर है
प्रकाशित

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन और उप प्रधानमंत्री निक क्लैग ने भी शाही विवाह में शिरकत के लिए अपनी पोशाक की घोषणा कर दी है.

प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने सफ़ाई देते हुए कहा है कि वो शाही शादी में औपचारिक कोट और टाई सूट पहनकर शामिल होंगे.

पहले ख़बरें आई थीं कि प्रधानमंत्री डेविड कैमरन अनौपचारिक पोशाक पहनने वाले थे लेकिन उनके कार्यालय की एक प्रवक्ता ने अब स्पष्ट किया है कि कैमरन औपचारिक पोशाक ही पहनेंगे.

तो उप प्रधानमंत्री निक क्लैग ने भी कहा है कि वो भी ऐसा ही औपचारिक सूट पहनेंगे, अलबत्ता अभी वो तैयार नहीं हुआ है.

लेबर पार्टी के नेता एड मिलिबेंड के बारे में भी ख़बरें हैं कि वो भी शाही विवाह के अवसर पर औपचारिक पोशाक पहनने की तैयारी कर रहे हैं.

अतीत में डेविड कैमरन के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी उनकी कुछ ऐसी तस्वीरों को दिखाकर उनकी आलोचना करते रहे हैं जिनमें कैमरन ऑक्सफ़र्ड विश्वविद्यालय के विशिष्ठ बुलिंगडन क्लब में लंबे कोट वाली पोशाक पहने हुए हैं.

डेविड कैमरन के प्रतिद्वंद्वियों का कहना है कि वह इस तरह की पोशाक इसलिए पहनते हैं क्योंकि वो देश के साधारण मतदातों से दूर हैं.

कंज़रवेटिव पार्टी के नेता और लंदन के मेयर बोरिस जॉन्सन भी औपचारिक कोट सूट पहनने की योजना बना रहे हैं. ख़ुद बोरिस जॉन्सन भी बुलिंगडन क्लब के सदस्य रहे हैं.

कौन सी पोशाक

शाही अवसरों के लिए इसी तरह की औपचारिक पोशाक पहनने की परंपरा रही है इसलिए शाही विवाह के लिए भी इसी पोशाक को उपयुक्त समझा जाता है. लेकिन प्रधानमंत्री डेविड कैमरन की लंबे कोट वाली पोशाक पहनने के इरादे की ख़बर लंदन टेलीग्राफ़ अख़बार में बुधवार को काफ़ी चर्चा का विषय रही.

प्रिंस विलियम और केट मिडल्टन
इमेज कैप्शन, एक और शाही परंपरा की शुरूआत

एक पाठक ने पत्र लिखा कि डेविड कैमरन को शाही परंपरा और अन्य लोगों को कुछ सम्मान दिखाना चाहिए. एक अन्य पाठक ने लिखा, “मुझे हमेशा बताया जाता रहा है कि विवाह समारोह में पुरुषों को दुल्हन को मुबारकबाद देने के रूप में समार्ट कपड़े पहनने चाहिए.”

एक अन्य पत्रकार ने ले पाठकों को याद दिलाते हुए लिखा कि औपचारिक पोशाक ही अब अनेक अवसरों पर सामान्य होती जा रही है.

उप प्रधानमंत्री निक क्लैग से जब ये पूछा गया कि वो शाही विवाह में क्या पहनने जा रहे हैं तो उन्होंने ज़ोर का ठहाका लगाते हुए कहा, “मेरे पास तो कोई ऐसी पोशाक नहीं है और अभी कोई तैयार भी नहीं कराई है. अलबत्ता मैं ख़ूबसूरत औपचारिक टाई-कोट सूट पहनने की मंशा रखता हूँ.”

उधर लेबर पार्टी के एक पदाधिकारी ने कहा कि पार्टी नेता एड मिलिबैंड वही पोशाक पहनेंगे जैसी कि उनसे उम्मीद की जाती है.

इस पार्टी पदाधिकारी का कहना था, “तमाम निगाहें विलियम और केट पर टिकी होंगी इसलिए एड मिलिबैंड नहीं चाहते कि लोगों की नज़रें उनकी पोशाक पर आकर टिकें. एड मिलिबैंड शाही विवाह के अवसर पर कोई राजनीतिक हाव-भाव नहीं बनाएंगे और ना ही कोई राजनीतिक बयान देंगे.”

प्रिंस विलियम और केट मिडल्टन का शाही विवाह 29 अप्रैल को वेस्टमिंस्टर ऐबी में संपन्न होना है.

क्वीन एलिज़ाबेथ-द्वितीय और ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा ने बुधवार को केट मिडल्टन के परिवार से मुलाक़ात की और समझा जाता है कि उन्होंने विवाह के इंतज़ामों के बारे में बातचीत की.

अभी तक जिन मेहमानों को शाही विवाह में शिरकत के लिए न्यौता भेजा गया है उनमें पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी डेविड बैकम, फ़िल्म निर्देशक गुई रिची और इंग्लैंड के पूर्व रगबी कोच सर क्लाइ वुडवार्ड भी शामिल हैं.