लीबिया में आधी सदी बाद पहला चुनाव

इमेज स्रोत, s
लीबिया में आधी सदी के बाद पहले राष्ट्रीय चुनाव हो रहे हैं
तीन हज़ार से अधिक लोग संविधान सभा की सदस्यता के लिए दौड़ में हैं, जिसे राष्ट्रीय अंतरिम परिषद का स्थान लेना है.
इस परिषद का गठन नौ महीने पहले मुअम्मर गद्दाफ़ी के गद्दी से हटने के बाद किया गया था.
नई संविधान सभा एक अंतरिम सरकार का गठन करेगी जो देश में नया संविधान तैयार करके उस पर जनमत संग्रह करवाएगी.
लेकिन इस चुनाव से पहले लीबिया में राजनीतिक अस्थिरता दिख रही है.
चुनाव सामग्री लेकर जा रहे एक हेलिकॉप्टर पर गोलीबारी की गई है, जिसमें एक चुनावकर्मी की मौत हो गई है.
अहम चुनाव
कुछ ही घंटों में लीबिया में संविधान सभा के लिए मतदान शुरू होने जा रहा है.
लीबिया के ज्यादातर मतदाताओं के लिए ये पहला मौका होगा जबकि वो अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
ये लोग दो सौ सदस्यीय संविधान सभा के सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान करेंगे.
इस संविधान सभा के पास विधायी शक्तियां होंगी और इसे एक नई अंतरिम सरकार बनाने का काम करना होगा. साथ ही ये सभा देश के लिए एक संविधान का मसौदा भी तैयार करेगी.

ऐसी उम्मीद है कि ये अंतरिम सरकार करीब एक साल तक सत्ता में रहेगी. इस चुनाव में तीन हजार से भी ज्यादा निर्दलीय और विभिन्न पार्टियों के लोग अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
कर्नल मुअम्मर गद्दाफी की सत्ता के पतन को करीब एक साल होने को है और ज़्यादातर लीबियावासियों को उम्मीद है कि इस चुनाव के साथ उनके देश में नई लोकतांत्रिक व्यवस्था की शुरुआत हो रही है.
हिंसा की घटनाएँ
इस बीच देश भर में सुरक्षा के भी कड़े बंदोबस्त किए गए हैं. लेकिन इसके बावजूद चुनाव सामग्री ले जा रहे एक हेलीकॉप्टर पर पूर्वी शहर बेनगाजी में कुछ अज्ञात लोगों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं.
स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. लीबिया के राष्ट्रीय चुनाव आयोग के अध्यक्ष नूरी अल अल- अब्बार के मुताबिक ये घटना ठीक उस समय हुई जब हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरा ही था.
उन्होंने कहा, " हेलीकॉप्टर न जैसे ही उड़ान भरी, कुछ बंदूकधारियों ने इस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं, और जैसा कि आप जानते हैं कि हेलिकॉप्टर पहुत अधिक ऊंचाई पर नहीं उड़ता."
हमलावरों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, लेकिन समझा जाता है कि ये उन्हीं लोगों की कार्रवाई है जिनकी वजह से पूर्वी लीबिया में अशांति बनी हुई है.
पूर्व विद्रोही लड़ाकों ने वहां कम से कम तीन तेल निर्यातक टर्मिनल बंद करवा दिए हैं. ये विद्रोही मतदान का बहिष्कार कर रहे हैं.
हाल के दिनों में लीबिया में और भी जगहों से हिंसा की खबरें आईं थीं.
दक्षिणी शहर कुर्फा में हिंसक झड़पें हुई थीं. यही नहीं लाल घाटी में, जहां पश्चिमी और पूर्वी हिस्से मिलन होता है, प्रदर्शन जारी हैं. लीबिया का एक सशस्त्र समूह संसद में ज्यादा प्रतिनिधित्व क मांग कर रहा है.

























