यू ट्यूब से रोक आंशिक रुप से हटी

पाकिस्तान ने वीडियो साझा करने वाली वेबसाइट यू ट्यूब से प्रतिबंध आंशिक रुप से हटा लिया है लेकिन अधिकारियों का कहना है कि ऐसे सैकड़ों लिंक जिसमें ईशनिंदा से जुड़ी सामग्री हैं उन पर रोक जारी है.
इस्लामाबाद में बीबीसी के अलीम मक़बूल का कहना है कि यू ट्यूब अब काम कर रहा है लेकिन डाउनलोड करने में समय अधिक लग रहा है.
लेकिन फ़ेसबुक अभी भी काम नहीं कर रहा है.
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के गृहमंत्री रहमान मलिक ने बुधवार को कहा था कि फेसबुक और यू ट्यूब वेबसाइटों पर देश में लगा प्रतिबंध अगले कुछ दिनों में हटा लिया जाएगा.
फ़ेसबुक को इस्तेमाल करने वाले किसी व्यक्ति ने पिछले सप्ताह जब पैगंबर मोहम्मद की तस्वीरें आमंत्रित की थीं, तो पाकिस्तान में लोगों में नाराज़गी बढ़ गई थी.
जिसके बाद लाहौर हाईकोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई के बाद फ़ेसबुक और यू ट्यूब पर प्रतिबंध लगा दिया था.
पाकिस्तान के सूचना प्रौद्योगिकी और टेलीकॉम सचिव नागुईबुल्ला मलिक ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया, "हमने यू ट्यूब के उस हिस्से से प्रतिबंध हटा लिया है जिसमें पवित्रता को नष्ट करने वाली या नापाक सामग्री नहीं है."
पाकिस्तान में यू ट्यूब ख़ासी लोकप्रिय वेबसाइट है.

























