आईएसआई प्रमुख को भारत की 'चिंता'

विकीलीक्स की ओर से जारी किए गए गोपनीय दस्तावेज़ में कई चौंकाने वाली जानकारियाँ समाने आ रही हैं.
इसी कड़ी में एक दस्तावेज से यह बात भी सामने आई है कि पाकिस्तानी ख़ुफ़िया सेवा आईएसआई के प्रमुख जनरल अहमद शुजा पाशा भारत में संभावित आतंकवादी हमले के बारे में और जानकारी लेने ओमान और ईरान तक गए थे.
विकीलीक्स ने पाकिस्तान में अमरीकी राजदूत के साथ पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष जनरल अशफ़ाक़ कयानी और जनरल पाशा के मिलने के समय के दस्तावेज़ जारी किए हैं.
सात अक्तूबर 2009 को इस्लामाबाद स्थिति अमरीकी दूतावास से इस बैठक के बारे में संदेश भेजे गए थे.
जानकारी
इसी संदेश में बताया गया है कि जनरल पाशा को अमरीका दौरे के समय भारत में आतंकवादी हमले के बारे में जानकारी मिली थी.
इसी सिलसिले में और जानकारी के लिए जनरल पाशा ओमान और ईरान भी गए थे. आईएसआई प्रमुख ये जानकारी अमरीका तक पहुँचाना चाहते थे.
इस संदेश के मुताबिक़ जनरल पाशा भारत में इसराइली ठिकानों पर हमले के बारे में इसराइली अधिकारियों के भी संपर्क में थे.
संदेश में यह भी बताया गया कि ओमान और ईरान के ख़ुफ़िया प्रमुख भारत में संभावित किसी भी आतंकवादी हमले के बारे में अनजान थे लेकिन उन्होंने अलर्ट रहने की बात कही थी.
पाशा ने इस बैठक में यह भी संकेत दिया था कि वे किसी भी समय भारतीय ख़ुफ़िया अधिकारियों से मिलने को तैयार हैं.

























