अल-महमूदी का प्रत्यर्पण गैर-कानूनी: ट्यूनीशिया के राष्ट्रपति

प्रकाशित

ट्यूनीशिया के राष्ट्रपति ने लीबिया के पूर्व प्रधानमंत्री अल महमूदी के प्रत्यर्पण संबंधी अपनी सरकार के ही फैसले को गैर-कानूनी करार दिया है.

एक वक्तव्य में राष्ट्रपति मोंसेफ मर्जूकी ने कहा है कि प्रत्यर्पण संबंधी फैसले पर उनकी सलाह नहीं ली गई और इस पर प्रधानमंत्री हमादी जेबाली ने खुद ही फैसला ले लिया.

अल- महमूदी ने कर्नल गद्दाफी के शासनकाल के दौरान पांच साल तक लीबिया में बतौर प्रधानमंत्री काम किया था.

मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि उन्हें लीबिया में मारा जा सकता है, लेकिन लीबिया के प्रधान मंत्री ने रविवार को एक बयान जारी कर कहा है कि अल महमूदी के अधिकारों का संरक्षण किया जाएगा.