सोशल: कैसे ट्रंप का 'दुश्मन' से दोस्त बना पाकिस्तान?

ट्रंप
प्रकाशित

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के तेवर भारत के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को लेकर नरम होते नज़र आ रहे हैं.

ट्रंप ने ट्विटर पर शनिवार को लिखा, "पाकिस्तान और वहां के नेताओं से रिश्ते बेहतर करने की शुरुआत कर रहे हैं. कई मोर्चों पर हमारा साथ देने के लिए मैं पाकिस्तान का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा."

ट्रंप की इस नरमी की वजह है हक्कानी नेटवर्क की कैद में रहे अमरीकी-कनाडाई परिवार को आज़ाद कराए जाने को लेकर पाकिस्तान की कोशिशें.

अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसियों की मदद से पाकिस्तानी सेना ने अमरीकी नागरिक कैटलन कोलमैन, उनके कनाडाई मूल के पति जोशुआ बोयल और तीन बच्चों को हाल ही में हक्कानी नेटवर्क से रिहा करवाया था.

ट्विटर

राष्ट्रपति ट्रंप ने इस पर कहा, "मैंने खुलकर कहा है कि पाकिस्तान ने सालों तक हमारा जबरदस्त फ़ायदा उठाया है. लेकिन अब हम पाकिस्तान के साथ वास्तविक संबंधों की शुरुआत कर रहे हैं. पाकिस्तान अमरीका का फिर से सम्मान कर रहा है."

पाकिस्तान
इमेज कैप्शन, जनवरी 2017 में अमरीकी राष्ट्रपति पद का शपथग्रहण समारोह देखते हुए कराची में लोग

पाकिस्तान को लेकर ट्रंप की मिठास, कड़वाहट

बीते कुछ सालों में ये संभवत: पहला मौका है, जब ट्रंप ने पाकिस्तान को लेकर मिठास ज़ाहिर की है. इससे पहले पाकिस्तान को लेकर ट्रंप के मिजाज़ यूं न थे.

जानिए बीते सालों में ट्रंप ने पाकिस्तान को लेकर क्या-क्या कहा...

अगस्त 2017

राष्ट्रपति ट्रंप अपने एक बयान में कहा था, "आतंकी संगठनों के लिए पाकिस्तान सुरक्षित ठिकाना बना हुआ है. अमरीका इस पर चुप नहीं रहेगा. हम सालों से पाकिस्तान की अरबों डॉलर से मदद कर रहे हैं और वो लोग उन आतंकियों को शह दे रहे हैं, जिनसे हम लड़ रहे हैं. ये तत्काल बदलना चाहिए."

ट्रंप

दिसंबर 2011

डोनल्ड ट्रंप ने ट्वीट किया, "पाकिस्तान हमारा दोस्त नहीं है. जब हमारी बहादुर नेवी सील्स की टीम ओसामा बिन लादेन को पकड़ने गई. तब उन्होंने कुछ नहीं किया."

ट्विटर

जनवरी 2012

ट्रंप ने ट्वीट कर कहा, ''पाकिस्तान हमारा दोस्त नहीं है. हम उन्हें अरबों डॉलर दे रहे हैं और इसके बदले में हमें क्या मिला. धोखा और बेइज़्ज़ती और इससे भी बुरा.''

ट्विटर

जुलाई 2012

ट्रंप ने अपने इस ट्वीट में पाकिस्तान को लेकर लिखा, "ओसामा बिन लादेन को छह साल तक छिपाने के लिए पाकिस्तान हमसे कब माफ़ी मांगेगा."

ट्विटर

जुलाई 2013

ट्रंप ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों पर निशाना साधते हुए कहा, "पाकिस्तान इंटेलिजेंस को ओसामा बिन लादेन के पाकिस्तान में छिपे होने की पूरी जानकारी थी. पाकिस्तान ओसामा को पनाह दिए हुए था."

ट्विटर

बीते साल पाकिस्तान में हुए एक चरमपंथी हमले के बाद भी ट्रंप ने एक ट्वीट किया था.

इस ट्वीट में ट्रंप ने लिखा, "एक और कट्टरपंथी इस्लामिक हमला. इस बार पाकिस्तान में क्रिश्चियन महिलाओं को शिकार बनाया था. 67 लोगों की मौत, 400 घायल. मैं अकेले इसका समाधान कर सकता हूं."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)