कौन हैं दोहरा शतक जड़ने वाली एलिस पैरी?

एलिस पैरी
प्रकाशित

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड यानी क्रिकेट मैदान के दो सबसे कट्टर प्रतिद्वंदी एशेज़ सिरीज़ में जब आमने-सामने हों तो मैच जीतने से ज़्यादा इज़्जत दांव पर लगी होती है.

सिडनी के ओवल मैदान में महिलाओं की एशेज़ सिरीज़ के चार दिनी टेस्ट मैच में शनिवार को ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में बल्लेबाज़ी कर रही थी.

बल्लेबाज़ एलिस पैरी नॉन स्ट्राइकिंग छोर पर खड़ीं थीं और उनका निजी स्कोर 193 रन तक पहुंच चुका था, यानी इतिहास के पन्नों में दर्ज होने से चंद कदम दूर. टीम के 8 विकेट आउट हो गए थे.

तभी टीम को नौवां झटका लगा और एक पल के लिए सभी की धड़कनें रुक सी गईं. पैरी ने इसी मैच में अपने करियर का पहला शतक जमाया था, क्या वे इसे दोहरे शतक तब्दील कर पाएंगी, यह सवाल शायद स्टेडियम में मौजूद हर एक शख़्स के ज़हन में उठने लगा.

एशेज़
इमेज कैप्शन, विकेट लेने के बाद जश्न मनाती इंग्लैंड की खिलाड़ी

शतक से पहला मना लिया जश्न

पैरी ने अगले ओवर में 1 रन लिया और अपना स्कोर 194 पर पहुंचा दिया, अब वे अपने पहले दोहरे शतक से महज़ एक हवाई शॉट दूर थीं. वे आगे बढ़ीं और गेंद को हवा में उड़ा दिया, बाउंड्री के नज़दीक गिरी गेंद को पहली नज़र में देख लगा कि 6 रन मिल गए हैं.

स्टेडियम में शोर मचने लगा, पैरी खुशी से झूमने ही वाली थीं कि अंपायर ने शॉट को दोबारा जांचा और उसे चौका करार दिया. पैरी ने एक रन लिया और वे 199 पर पहुंच गईं.

अगले ओवर में स्ट्राइक पैरी के पास थी, दोहरा शतक पूरा करना और दूसरी तरफ अंतिम विकेट को बचाए रखने का दबाव उन पर बढ़ने लगा.

शुरुआती दो गेंदो में वो कोई रन नहीं बना सकीं, लेकिन अगली गेंद पर शानदार चौका जड़ते हुए उन्होंने अपना दोहरा शतक पूरा कर लिया.

इसी ओवर में उन्होंने एक चौका और छक्का और जड़ा, इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी 448/9 के स्कोर पर घोषित कर दी.

पैरी नाबाद 213 रन बनाकर पवैलियन लौटीं, अपना सातवां टेस्ट मैच खेल रही 27 साल की पैरी ने अपनी इस पारी में 374 गेंदों का सामना किया. इस दौरान उन्होंने 27 चौके और 1 छक्का लगाया.

एलिस पैरी

ऑलराउंडर पैरी

हरफ़नमौला खिलाड़ी पैरी ने इससे पहले गेंदबाजी में भी जलवा दिखाया. उन्होंने 21 ओवर गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड के 3 बल्लेबाजों को पवैलियन की राह दिखाई. इंग्लैंड की टीम अपनी पहली पारी में 280 रन बनाकर आउट हो गई थी.

मध्यम तेज़ गति की गेंदबाज पैरी के नाम टेस्ट मैच में कुल 27 विकेट हैं, उनका औसत 16.11 का है. वहीं 94 वनडे में उन्होंने 126 विकेट निकाले हैं. पैरी ने 82 टी-20 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 77 विकेट लिए हैं.

साल 2013 में महिलाओं के क्रिकेट विश्व कप के एक मैच में उनकी एड़ी चोटिल हो गई थी, पैरी ने उस मैच में भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके थे और ऑस्ट्रेलिया को विश्व चैंपियन बनने की राह दिखाई थी.

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर भी हैं पैरी

पैरी ऑस्ट्रेलिया की अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टीम का भी हिस्सा रही हैं. उन्होंने फुटबॉल विश्वकप के क्वार्टर फाइनल में एक शानदार गोल भी अपने नाम दर्ज करवाया है.

साल 2011 के फुटबॉल विश्वकप के क्वार्टर फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया ने स्वीडन को 3-1 से हराया था. पैरी ने सैट्रल डिफेंडर के तौर पर खेलते हुए इस मैच में एक शानदार गोल दागा था.

हालांकि अब वे पूरी तरह से क्रिकेट के साथ ही जुड़ गई हैं. उनका कहना है कि एक साथ दो खेलों में तालमेल बैठाना बहुत मुश्किल होता है.

एलिस पैरी
इमेज कैप्शन, पैरी ने फुटबॉल में भी ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया है

पैरी युवा लड़कियों को खेलों की तरफ प्रेरित करने के लिए किताबों में लेख भी लिखती हैं.

क्रिकेट की चैंपियन

पैरी ने 16 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम में जगह बना ली थी. इतनी कम उम्र में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने वाली वे पहली महिला या पुरुष खिलाड़ी हैं.

वो तीन बार ऑस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप चैंपियन टीम का हिस्सा रही हैं. साल 2015 की एशेज़ सिरीज़ में पैरी प्लेयर ऑफ द सिरीज़ बनीं. उन्होंने सबसे अधिक 264 रन और सबसे ज़्यादा 16 विकेट झटके.

एलिस पैरी

अपना पहला दोहरा शतक लगाने के बाद पैरी ने कहा, ''जब मैंने बाउंड्री लगाई तो लोग शोर मचाने लगे, मुझे लगा कि शायद 6 रन हो गए, मैं भी खुशी में झूमने लगी लेकिन तभी अंपायर ने उसे चौका करार दिया, वह बड़ा ही अजीब सा पल था.''

उन्होंने कहा,'' बल्लेबाजी करने के लिए आज का दिन बेहतरीन था, महिला क्रिकेट के लिहाज़ से यह एक बड़ी उपलब्धि है.''

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)