बढ़त लेने की कोशिश में भारत

भारत और श्रीलंका के बीच पाँच एक दिवसीय मैचों की सिरीज़ का दूसरा मैच शुक्रवार को नागपुर में खेला जाएगा.
दिन-रात का ये मैच भारतीय समयानुसार दोपहर ढाई बजे शुरू होगा. पहले यह मैच विशाखापट्टन में खेला जाना था.
लेकिन आंध्र प्रदेश में तेलंगाना को लेकर चल रहे बवाल के कारण मैच नागपुर में कराने का फ़ैसला किया गया.
पाँच मैचों की सिरीज़ में भारत 1-0 से आगे हैं. भारत और श्रीलंका के बीच राजकोट में हुआ पहला मैच काफ़ी रोमांचक रहा था और आख़िरकार भारत तीन रन से मैच जीत गया था.
श्रीलंका ने भी अच्छा खेल दिखाया था और एक बार तो ऐसा लग रहा था कि 415 रनों का विशाल लक्ष्य भी उनके लिए आसान साबित होगा. लेकिन श्रीलंका मैच हार गया.
चिंता
भारत के लिहाज से देखें, तो बल्लेबाज़ों ने अच्छा प्रदर्शन किया. लेकिन फ़ील्डिंग और गेंदबाज़ी भारत के लिए अब भी समस्या बनी हुई है.

भारतीय खिलाड़ियों ने राजकोट वनडे में कई कैच छोड़े. बल्लेबाज़ी के मोर्चे पर नज़र डालें, तो युवराज सिंह का खेलना अब भी संदिग्ध नज़र आता है.
लेकिन पहले मैच के दौरान घुटने में चोट लगा चुके वीरेंदर सहवाग का इस मैच में खेलना तय माना जा रहा है.
वीरेंदर सहवाग ने राजकोट वनडे में 146 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी और मैन ऑफ़ द मैच का पुरस्कार भी जीता था.
राजकोट वनडे में 800 से भी ज़्यादा रन बने थे और नागपुर की पिच भी रन से भरी हुई है. लेकिन जानकारों का मानना है कि यहाँ राजकोट जितने रन नहीं बनेंगे.
श्रीलंका ने राजकोट वनडे में अच्छा खेल दिखाया था.
लेकिन उस मैच में मुथैया मुरलीधरन नहीं खेल पाए थे. घायल होने के कारण मुरलीधरन अब इस सिरीज़ से बाहर हो गए हैं. जबकि दिलहारा फ़र्नांडो भी नागपुर वनडे में नहीं खेल पाएँगे.
वैसे उम्मीद है कि पहले मैच में नहीं खेल पाए लसिथ मलिंगा टीम में वापसी कर सकते हैं. अजंता मेंडिस को भी टीम प्रबंधन मौक़ा दे सकता है.
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), वीरेंदर सहवाग, सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, सुरेश रैना, गौतम गंभीर, रवींद्र जडेजा, हरभजन सिंह, ज़हीर ख़ान, प्रवीण कुमार, आशीष नेहरा, प्रज्ञान ओझा, सुदीप त्यागी और विराट कोहली.
कुमार संगकारा (कप्तान), सनत जयसूर्या, तिलकरत्ने दिलशान, महेला जयवर्धने, थिलन कंदाम्बी, चमारा कपूगेदरा, नुवान कुलशेखरा, लसिथ मलिंगा, एंजेलो मैथ्यूज़, अजंता मेंडिस, थिलन समरवीरा, उपुल थरंगा, चनका वेलेगेदरा, एम पुष्पकुमार और सूरज रणदीव.

























