पर्थ में ऑस्ट्रेलिया का परचम

ऑस्ट्रेलिया ने मौजूदा ऐशेज़ सिरीज़ के तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 267 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है. इसके साथ ही ऐशेज़ सिरीज़ 1-1 से बराबर हो गई है.
अभी दो टेस्ट होने बाक़ी हैं. दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था, तो दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने जीत हासिल की थी.
पर्थ में हुए तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की. चौथे दिन खेल शुरू होने के कुछ ही समय बाद ऑस्ट्रेलिया ने आसान जीत दर्ज की.
इंग्लैंड की पूरी टीम अपनी दूसरी पारी में 123 रन बनाकर आउट हो गई. जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया ने उसके सामने 391 रनों का लक्ष्य रखा था.
कमाल
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के रयान हैरिस ने कमाल दिखाया और सिर्फ़ 47 रन देकर छह खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया. मिचेल जॉनसन को भी तीन विकेट मिले.

इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक 31 रन जोनाथन ट्रॉट ने बनाए.
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 268 और दूसरी पारी में 309 रन बनाए. जबकि इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 187 रन ही बनाए थे.
इस टेस्ट का एकमात्र शतक ऑस्ट्रेलिया के माइकल हसी ने दूसरी पारी में लगाया. जबकि दूसरी पारी में शेन वॉटसन ने भी शानदार पारी खेली. लेकिन वे दुर्भाग्यशाली रहे और 95 रन बनाकर आउट हुए.
लेकिन ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग इस टेस्ट में भी फिसड्डी साबित हुए और दोनों पारी मिलाकर सिर्फ़ 13 रन ही बना पाए.
ऑस्ट्रेलिया की ओर से इस टेस्ट में मिचेल जॉनसन और रयान हैरिस ने कुल नौ-नौ विकेट लिए.
अब अगला टेस्ट 26 दिसंबर से मेलबोर्न में खेला जाएगा.



























