नंबर एक वनडे टीम का तमग़ा अभी नहीं

इमेज स्रोत, BBC World Service
भारत ने भले ही क्रिकेट विश्व कप जीत लिया हो लेकिन वनडे में नंबर एक रैंकिंग की मंज़िल अभी थोड़ी दूर है.
आईसीसी की वनडे रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया अब भी पहली पायदान पर है और भारत दूसरे नंबर पर.
लेकिन भारत ने ऑस्ट्रेलिया से अंकों की दूरी कम कर ली है. 121 अंकों के साथ भारत ऑस्ट्रेलिया से केवल सात अंक पीछे है.
हालांकि ऑस्ट्रेलिया अगले हफ़्ते बांग्लादेश के ख़िलाफ़ तीन मैचों की सिरीज़ खेल रहा है जहाँ उसके पास और अंक अर्जित करने का मौका रहेगा.
श्रीलंका वनडे रैंकिंग में तीसरे स्थान पर बना हुआ है लेकिन दो अंकों की बढ़त के साथ उसके अब 118 अंक हो गए हैं. दक्षिण अफ़्रीका चौथे नंबर पर है.
सचिन, गंभीर की छलांग
उधर कई भारतीय खिलाड़ियों ने आईसीसी की बल्लेबाज़ी रैंकिंग में छलांग लगाई है.छठे, आठवें, नौंवे और दसवें नंबर पर भारतीय बल्लेबाज़ विराजमान हैं.
सचिन एक पायदान की बढ़ोतरी के साथ नौवें स्थान पर पहुँच गए हैं तो गंभीर छह पायदानों की छलांग लगाकर 10वें स्थान पर हैं. विराट कोहली छठे और धोनी आठवें नंबर पर हैं.
विश्व कप में सबसे ज़्यादा रन (500) बनाने वाले श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग तीन पर पहुँच गए हैं.
नंबर एक पर हैं दक्षिण अफ़्रीका के हाशिम अमला और नंबर दो पर हैं एबी डि विलियर्स.
कुमार संगकारा चौथे नंबर पर बने हुए हैं जबकि युवराज सिंह और रिकी पोटिंग संयुक्त रूप से 17वें स्थान पर हैं.
वनडे में गेंदबाज़ों की रैकिंग में हरभजन सिंह अब 18वें नंबर पर पहुँच गए हैं. जबकि श्रीलंका के अंजता मेंडिस नौ पायदानों की छलांग लगाते हुए आठवें स्थान पर आ गए हैं.
पाकिस्तान के कप्तान शाहिद अफ़रीदी नौवें स्थान पर पहुँच गए हैं. नंबर एक पर हैं न्यूज़ीलैंड के डेनियल विटोरी.

























