वनडे में भी भारत की करारी हार

विराट कोहली
इमेज कैप्शन, विराट कोहली के 31 रन की पारी टीम में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था.
प्रकाशित

ऑस्ट्रेलिया में भारत का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है. टेस्ट सीरीज़ में सभी चार मैच शर्मनाक तरीक़े से हारने के बाद भारत ने एक दिवसीय त्रिकोणीय श्रृंखला की शुरुआत भी पराजय से की है.

मेलबर्न में पहले एक दिवसीय मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 65 रन से हराया. जीत के लिए 217 रन का पीछा करते हुए भारत की टीम 29.4 ओवर में केवल 151 रन बना कर आउट हो गई.

भारत की खराब बल्लेबाज़ी का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि विराट कोहली की 31 रन की पारी ही टीम में किसी का सर्वश्रेष्ठ स्कोर था.

टीम की शुरुआत बेहद ख़राब रही. सचिन तेंदुलकर केवल दो रन बना कर और गंभीर पांच रन बना कर स्टार्क का शिकार बने.

कोहली और रोहित शर्मा ने मिलकर 51 रन जोड़े लेकिन उनकी सांझेदारी टूटते ही लगातार विकेट गिरने लगे और सारी टीम 151 रन पर ढेर हो गई. तेज़ गेंदबाज़ मकेय ने केवल 20 रन देकर चार विकेट लिए.

भारत की पूरी पारी में कभी लगा ही नहीं कि वो ऑस्ट्रेलिया के स्कोर का पीछा करने में सफल होगा.

मेन ऑफ़ द मैच

इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने 32 ओवर में पाँच विकेट पर 216 रन बनाए थे. अपना पहला मैच खेल रहे मैथ्यू वेड ने सबसे अधिक 67 रन बनाए और उन्हें मैन ऑफ़ दि मैच दिया गया.

डेविड हसी ने 30 गेंद पर नाबाद 61 रन बनाए जिसमें तीन छक्के शामिल थे.

भारत की ओर से विनय कुमार ने अच्छी गेंदबाज़ी की और सात ओवरों में 21 रन देकर तीन विकेट लिए.

लेकिन एक दिन पहले आईपीएल की नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी साबित होने वाले रविंद्र जडेजा आज गेंदबाज़ी में भी सबसे महंगे रहे. उन्होंने 2.4 ओवर में 41 रन दिए.

त्रिकोणीय श्रृंखला में तीसरी टीम श्रीलंका है जिससे भारत अपना अगला मैच आठ फरवरी को पर्थ में खेलेगा.