भारत जीता तो सिरीज़ पर होगा कब्ज़ा

अंबाती रायडू
    • Author, आदेश कुमार गुप्त
    • पदनाम, खेल पत्रकार, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
  • प्रकाशित

भारत और ज़िम्बाब्वे तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की सिरीज़ के दूसरे मैच में हरारे में एक बार फिर आमने-सामने होंगे.

इससे पहले भारत के अजिंक्य रहाणे अपनी कप्तानी की पहली परीक्षा में कामयाब रहे.

अजिंक्य रहाणे
इमेज कैप्शन, अजिंक्य रहाणे ने कप्तान के तौर पर अपने पहले ही मैच में भारत को जीत दिलाई.

भारत ने पहले मैच में ज़िम्बाब्वे को रोमांचक संघर्ष में चार रन से हराया था.

ज़िम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 256 रनों का लक्ष्य था लेकिन वह सात विकेट खोकर 251 रन ही बना सका.

इसके बावजूद ज़िम्बाब्वे ने दिखा दिया कि उसकी चुनौती को हल्के में नहीं लिया जा सकता.

गंवाया मौका

जश्न मनाते जिम्बाब्वे के खिलाड़ी

टेस्ट क्रिकेट में अपने पांव मज़बूती से जमाने के बाद वनडे में भी अपनी पहचान बनाने को कोशिश में लगे ओपनर मुरली विजय पहले मैच में केवल एक रन ही बना पाए.

उनके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज़ रोबिन उथप्पा के भाग्य ने साथ नहीं दिया और वह बिना खाता खोले रन आउट हुए.

मनोज तिवारी भी अवसर का लाभ नहीं उठा सके और केवल दो रन ही बना सके.

जोड़ी का जलवा

स्टुअर्ट बिन्नी

एक समय सिर्फ 87 रन पर अपने पांच विकेट गंवा चुकी भारत के लिए अंबाती रायडू और स्टुअर्ट बिन्नी की जोड़ी ने संजीवनी का काम किया था.

इस जोड़ी ने मुश्किल घड़ी में छठे विकेट के लिए रिकॉर्ड 160 रन जोड़े.

रायडू ने अपने एकदिवसीय करियर का दूसरा शतक जमाते हुए नाबाद 124 रन बनाए.

बिन्नी ने अपने चयन को सही साबित करते हुए शानदार 77 रन बनाए.

अक्षर पटेल, स्टुअर्ट बिन्नी, अंबाती रायडू

दूसरे मैच में अजिंक्य रहाणे एक बार फिर टीम को जीत दिलाकर रविवार को ही मौजूदा सिरीज़ अपने नाम करना चाहेंगे.

दूसरी तरफ ज़िम्बाब्वे पहले मैच में जीत के दरवाज़े तक पहुंच ही गया था लेकिन उसके बल्लेबाज़ों ने ग़ैरज़िम्मेदाराना शॉट खेलकर जीती बाज़ी गंवा दी.

ख़तरे की घंटी

जिम्बाब्वे की टीम

भारत के लिए पहले मैच में तेज़ गेंदबाज़ धवल कुलकर्णी ख़ासे महंगे साबित हुए.

उन्होंने नौ ओवर में 60 रन देकर एक विकेट हासिल किया.

अनुभवी ऑफ़ स्पिनर हरभजन सिंह को भी विकेट लेने के लिए संघर्ष करना पड़ा.

ज़िम्बाब्वे के कप्तान एल्टन चिंगुमबुरा ने 104 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेलकर भारतीय गेंदबाज़ों के लिए ख़तरे की घंटी बजा ही दी है.

अब देखना है कि क्या रविवार को ज़िम्बाब्वे कोई उलटफेर कर सिरीज़ को बचा पाता है या नहीं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>