22 साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सिरीज़ जीत

भारत
प्रकाशित

भारत: 312 और 274

श्रीलंका 201 और 268

नतीजा: भारत 117 रनों से जीता

भारत ने श्रीलंका को श्रीलंका की धरती पर 22 साल बाद टेस्ट सिरीज़ में मात दी है.

इससे पहले भारत ने 1993 में श्रीलंका को श्रीलंका में टेस्ट सिरीज़ में 1-0 से हराया था.

भारत ने श्रीलंका को तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ में 2-1 से हराया.

कोलंबो में हुए तीसरे और आख़िरी टेस्ट में भारत ने श्रीलंका को 117 रनों से मात दे दी.

श्रीलंका को अपनी दूसरी पारी में जीत के लिए 386 रनों की आवश्यकता थी, लेकिन श्रीलंका की टीम 268 रन बनाकर आउट हो गई.

भारत पहला टेस्ट हार गया था, जबकि दूसरे और तीसरे टेस्ट में उसने जीत हासिल की.

प्रदर्शन

चौथे दिन का खेल समाप्त होने पर श्रीलंका का स्कोर था तीन विकेट पर 67 रन.

पाँचवें दिन श्रीलंका ने अपना चौथा विकेट जल्द ही गँवा गया. पाँचवाँ विकेट भी 107 रन पर गिर गया था.

एंजेलो मैथ्यूज
इमेज कैप्शन, दूसरी पारी में कप्तान मैथ्यूज़ का शतक बेकार गया

लेकिन इसके बाद कप्तान एंजेलो मैथ्यूज़ और कुशाल परेरा ने छठे विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी की. उस समय श्रीलंका का पलड़ा भारी लग रहा था.

लेकिन परेरा के आउट होते ही एक बार फिर भारत की स्थिति मज़बूत हो गई. परेरा 70 रन बनाकर आउट हुए. मैथ्यूज ने शानदार शतक लगाया और 110 रन बनाकर आउट हुए.

पुजारा

दूसरी पारी में अश्विन ने चार और ईशांत शर्मा ने तीन विकेट लिए. पहली पारी में ईशांत ने पाँच विकेट लिए थे. इस प्रकार इस टेस्ट में ईशांत ने कुल आठ विकेट लिए. इस टेस्ट के दौरान ईशांत ने टेस्ट में अपने 200 विकेट भी पूरे किए.

ये टेस्ट चेतेश्वर पुजारा के शतक के कारण भी जाना जाएगा. पहली पारी में पुजारा ने 145 रन बनाए थे. इसके अलावा दूसरी पारी में आर अश्विन ने 58 रनों की पारी खेलकर टीम के स्कोर में अहम योगदान दिया.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>