काली होने की वजह से टिप से इंकार, अमरीका में बवाल

केली कार्टर, रेस्तरां की वेट्रेस
इमेज कैप्शन, वेट्रेस कार्टर का कहना है कि वे अभी भी टिप देने से इंकार करने वालों का स्वागत करने को तैयार हैं.
प्रकाशित

अमरीका के एक रेस्तरां में वेट्रेस को काली होने की वजह से टिप नहीं देने की घटना पर हंगामा मचा हुआ है.

वर्जीनिया के रेस्तरां 'अनीटा' में काम करने वाली वेट्रेस केली कार्टर को एक जोड़े ने टिप देने के बजाय एक पर्ची थमा दी. उस पर लिखा था, 'बहुत ही अच्छी सेवा, पर हम कालों को टिप नहीं देते हैं.'

अमरीका में टिप देने की परंपरा है. वहां वेटरों का वेतन अमूमन न्यूनतम वेतन से कम होता है और इसकी भरपाई टिप से ही होती है.

विवादों में घिरी पर्ची
इमेज कैप्शन, पर्ची पर लिखा था- 'सेवा तो बहुत अच्छी है, पर हम कालों को टिप नहीं देते हैं.'

रेस्तरां के मालिक टॉमी टेलेज़ ने बीबीसी न्यूज़ से कहा कि इस घटना के बाद 'अभूतपूर्व' प्रतिक्रिया हुई है.

टिप देने से इंकार करने वाले गोरे जोड़े की उम्र 20 से 30 साल के बीच थी और उन्होंने वहां खाने पीने पर 30 डॉलर ख़र्च किए.

केली कार्टर से गले मिलते ग्राहक
इमेज कैप्शन, केली कार्टर के समर्थन में लोग सामने आए, समर्थन किया और पैसे दिए

केली कार्टर का कहना है कि वे अभी भी उस गोरे जोड़े का स्वागत करने को खुशी खुशी तैयार हैं और "नफ़रत भरी एक टिप्पणी उन्हें नहीं रोक सकती."

कार्टर ने कहा, "मैं अभी भी खुले बाहों से उनका स्वागत करती हूं. उन्होंने अपना नुक़सान किया है, मुझे तो मजबूत ही किया."

रेस्तरां के मालिक टेलेज़ का कहना था कि ये नोट दिल दुखाने वाला और घृणास्पद था लेकिन वो इस जोड़े को दोबारा सर्व करने के केली के फैसले का वो समर्थन करते हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)