लाइव, नेतन्याहू ने हमास के हमले की आशंका जताई, कहा- 'हम उनका पीछा करेंगे'

नेतन्याहू ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक में गोलीबारी में पांच लोगों के घायल होने के बाद एक्स पर लिखा, ''ऐसा लगता है कि हमास के आतंकवादी बड़े हमले की योजना बना रहे थे, जिसका मक़सद निर्दोष नागरिकों की हत्या करना था.''

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय

  1. नेतन्याहू ने हमास के हमले की आशंका जताई, कहा- 'हम उनका पीछा करेंगे'

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू
    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि सुरक्षाबल आतंकवाद को नाकाम करने के लिए अभियान चला रहे हैं

    इसराइल के प्रधानमंत्री ने आशंका जताई है कि हमास फिर हमला कर सकता है.

    प्रधानमंत्री दफ़्तर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है, ''मैंने रक्षा मंत्री, आईडीएफ़ (इसराइली सेना) के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़, इसराइल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी (आईएसए) के निदेशक, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और आईडीएफ़ की सेंट्रल कमान के कमांडर के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की है.''

    इसमें लिखा गया है, ''ऐसा लगता है कि हमास के आतंकवादी बड़े हमले की योजना बना रहे थे, जिसका मक़सद निर्दोष नागरिकों की हत्या करना था. वहां बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद मिलने से इसका संकेत मिलता है. हमारे बहादुर सैनिकों ने साहस और दृढ़ संकल्प के साथ इस हमले को नाकाम कर दिया. मैं उनकी कार्रवाई के लिए उनकी सराहना करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.''

    ''मैंने आईडीएफ़ और सुरक्षा बलों को हेब्रोन शहर की तत्काल घेराबंदी करने और यहूदिया और सामरिया से होने वाले आतंकवादी हमलों को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने का निर्देश दिया है.''

    नेतन्याहू ने लिखा है, ''हमारे सुरक्षा बल अतिरिक्त जवानों की तैनाती के साथ आतंकवाद को नाकाम करने के लिए अभियान चला रहे हैं और बड़े पैमाने पर गिरफ़्तारियाँ कर रहे हैं.''

    ''हम हमास के आतंकवादियों और उन्हें भेजने वालों का पीछा करेंगे, चाहे वे कहीं भी हों और किसी भी समय.''

    ''तुम्हारे छिपने की कोई जगह नहीं है.''

    हेब्रोन शहर
    इमेज कैप्शन, यह हमला हेब्रोन शहर के प्रवेश द्वार पर स्थित एक सैन्य चेकपोस्ट पर हुआ

    इसराइली अधिकारियों के मुताबिक, क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में गोलीबारी की घटना के बाद पांच इसराइली घायल हो गए, जबकि इसराइली सुरक्षा बलों ने फ़लस्तीनी हमलावर होने के संदेह में दो लोगों को मार गिराया.

    सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपुष्ट वीडियो में हेब्रोन शहर के प्रवेश द्वार पर स्थित एक सैन्य चेकपोस्ट पर सैनिकों और बंदूकधारियों के बीच भीषण गोलीबारी होती दिख रही है.

    यह हमला वेस्ट बैंक में बढ़ते तनाव के बीच हुआ है. जैतून की सालाना फसल की कटाई के दौरान चरमपंथी यहूदी बस्तियों के निवासी फ़लस्तीनियों को निशाना बना रहे हैं. वहीं, इसराइल में चार दिन बाद आम चुनाव होने हैं.

  2. कस्टमर सेफ़्टी को लेकर एसबीआई ने अपने ग्राहकों को किया सतर्क, ये सलाह दी

    एसबीआई

    स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने कहा है कि डार्क वेब पर उसके जिन ग्राहकों की जानकारियां मिली हैं उनके खाते में मौजूद रकम और फंड्स सुरक्षित हैं.

    एसबीआई ने एक्स पर पोस्ट किए गए एक अपडेट में लिखा है, ''हाल की साइबर घटना के बाद बैंक ने उन सभी ग्राहकों को सूचना भेजी है जिनके डेटा डार्क वेब पर पाए गए हैं. उन्हें ई-मेल और व्हॉट्सएप पर इसकी जानकारी दी है.''

    ''हम एक बार फिर बताना चाहते हैं कि उनका अकाउंट बैलेंस और फंड्स हमारे पास सुरक्षित हैं.''

    ''बैंक ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वो सेफ़ बैंक प्रैक्टिस का पालन करें. अपने ओटीपी, पिन या पासवर्ड किसी के साथ शेयर न करें. साथ ही संदिग्ध कॉल, मैसेज या ई-मेल को लेकर सतर्क रहें.''

    दो दिन पहले स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के हज़ारों ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक होने की ख़बर आई थी.

    बैंक ने बताया कि डार्क वेब पर लीक डेटा में से 3,897 कस्टमर रिकॉर्ड्स में पर्सनली आइडेंटिफिएबल इनफॉर्मेशन (पीआईआई) पाई गई है. पीआईआई का मतलब है नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल, पता, आधार या बैंक CIF नंबर जैसी डिटेल्स हैं.

  3. सऊदी अरब पर हूती हमलों का असर, कच्चे तेल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर

    सऊदी अरब ऑयल फ़ैक्ट्री
    इमेज कैप्शन, सऊदी अरब ऑयल फ़ैक्ट्री (फ़ाइल फ़ोटो)

    सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच कच्चे तेल की कीमतें अपने रिकॉर्ड स्तर 113.75 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं.

    शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड ऑयल 0.5 प्रतिशत बढ़कर 113.75 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया है. जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट क्रूड ऑयल की कीमत 0.7 प्रतिशत बढ़कर 100.13 डॉलर प्रति बैरल हो गया है.

    4 मई 2026 के बाद पहली बार ब्रेंट क्रूड ऑयल में इतनी तेजी देखी गई है.

    रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको ने हूती विद्रोहियों के हमलों को देखते हुए पहले ही धाहरान शहर स्थित अपने मुख्यालय को खाली करने का आदेश दिया है.

    वित्तीय संस्थान आईएनजी के विशेषज्ञों ने एक नोट में कहा कि दोबारा तनाव बढ़ने की संभावना को लेकर तेल और गैस बाजार बहुत चिंतित है, क्योंकि ऐसी स्थिति तेल आपूर्ति को और प्रभावित कर सकती है.

    दूसरी ओर, लीबिया के हमादा और तिहारा तेल क्षेत्रों से ज़ाविया बंदरगाह तक जाने वाली तेल पाइपलाइन में एक वॉल्व भी बंद कर दिया गया है, जिसकी वजह से उत्पादन कम हो गया है.

  4. अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल रात दस बजे तक आपतक ख़बरें पहुंचाएंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    पाकिस्तान का इंडोनेशिया समेत तीन देशों से डिफेंस प्रोडक्शन पर समझौता, क्या भारत पर पड़ेगा असर?

    इल्हान उमर ने अपने घर पर रेड के बाद लिया ये फ़ैसला

    किम जोंग-उन के मरने की अफ़वाह बार-बार क्यों फैलती है?

    क्या हुआ उस लड़की का जो पढ़ना-लिखना भूल गई थी?

  5. एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल के साथ तोड़े कई रिकॉर्ड

    मोना अग्रवाल
    इमेज कैप्शन, भारतीय निशानेबाज़ मोना अग्रवाल ने तोड़ा स्वीडन की अन्ना बेंसन का रिकॉर्ड तोड़ा

    एशियन पैरा गेम्स 2026 के छठे दिन भारतीय पैरा एथलेटिक्स ने गोल्ड मेडल जीतने के साथ ही कई वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़े.

    संदीप कुमार, निशानेबाज़ मोना अग्रवाल और पैरा एथलेटिक्स हनी ने स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ा है.

    पुरुषों की 400 मीटर टी64 स्पर्धा को संदीप कुमार ने 52.28 सेकेंड में पूरा करके गोल्ड मेडल जीता और वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.

    इसी प्रतियोगिता में भारत के अजय कुमार ने कांस्य पदक जीता है.

    भारतीय निशानेबाज़ मोना अग्रवाल ने 10 मीटर एयर स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में 357.5 अंक हासिल करके गोल्ड मेडल जीता है.

    इसके साथ ही मोना ने स्वीडन की अन्ना बेंसन के 356 अंकों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.

    जबकि 333.2 अंकों के साथ अवनि लखेरा चौथे स्थान पर रहीं.

    जैवलिन थ्रो में पैरा एथलेटिक्स हनी ने भी वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया है. हनी ने F37/38 जैवलिन थ्रो स्पर्धा में 60.49 मीटर थ्रो करके ये रिकॉर्ड अपने नाम किया है.

    एशियन पैरा गेम्स जापान के आइची-नागोया शहर में 18 अक्तूबर से 24 अक्तूबर तक आयोजित हो रहे हैं.

  6. इंडिगो ने सऊदी अरब की उड़ानों के लिए की अहम घोषणा

    इंडिगो
    इमेज कैप्शन, इंडिगो की उड़ानें अभी रद्द रहेंगी

    भारतीय एयरलाइंस इंडिगो ने सऊदी अरब के रियाद से आने-जाने वाली उड़ानों को 31 अक्टूबर, 2026 तक (इस तारीख सहित) रद्द रखने का फ़ैसला किया है.

    इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ''बदलती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए रद्द रखने का फ़ैसला किया है. वहीं, जेद्दा, दम्माम और मदीना से आने-जाने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर, 2026 तक रद्द रहेंगी.''

    इंडिगो ने कहा कि उसके यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. एयरलाइन स्थिति पर लगातार नज़र रख रही है और हालात का आकलन करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है.

    प्रभावित यात्रियों को बुकिंग के समय दिए गए संपर्क विवरण के ज़रिए सूचित किया जा रहा है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले [goindigo.in/check-flight-s](https://t.co/m6CIGr4Vss?utm_source=chatgpt.com) पर अपनी उड़ान की स्थिति ज़रूर जांच लें.

    एयरलाइन ने यात्रियों की यात्रा योजनाओं में होने वाली असुविधा और अनिश्चितता के लिए खेद जताया है.

    इंडिगो के इस बयान को रीपोस्ट करते हुए सऊदी अरब में भारत के दूतावास ने लिखा है, ''इंडिगो की रियाद से आने-जाने वाली उड़ानें 31 अक्टूबर, 2026 तक रद्द रहेंगी. वहीं, जेद्दा, दम्माम और मदीना से आने-जाने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर, 2026 तक रद्द रहेंगी.''

  7. यमन के पास भारतीय नाविकों वाला याट दुर्घटनाग्रस्त, दूतावास ने क्या बताया

    यमन
    इमेज कैप्शन, लाल सागर (प्रतीकात्मक फ़ोटो)

    सऊदी अरब पर हूतियों के हमलों के बीच यमन के तट पर नए याट के साथ हादसा हुआ है.

    इस नाव में 14 भारतीयों के सवार होने की जानकारी भारतीय दूतावास ने साझा की है.

    दूतावास ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर बताया है कि 22 अक्तूबर को हुए इस हादसे से जुड़ी जानकारियां इक्कट्ठा कर रहा है.

    इसके लिए अलग-अगल ग्रुपों से बातचीत भी कर रहा है और स्पष्ट जनाकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है.

  8. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टी-20 में ईशान किशन नहीं खेलेंगे

    ईशान किशन
    इमेज कैप्शन, ईशान किशन इंजरी के कारण बाहर हुए हैं

    न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ होने वाले दूसरे टी20 मुक़ाबले से पहले ईशान किशन चोटिल हो गए हैं.

    पहले मैच में ईशान किशन का प्रदर्शन कुछ ख़ास नहीं रहा था, पांचवें नंबर पर बल्लेबाज़ी करते हुए उन्होंने सिर्फ़ एक रन ही बनाया था.

    पाँच मैचों की सिरीज़ में भारत 1-0 से आगे है.

  9. पीयूष गोयल ने जर्मनी में कहा- यूरोप भारत से ज़्यादा कार्बन उत्सर्जन करता है

    वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्रीयवाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि यूरोप भारत के मुक़ाबले सात या आठ गुना ज़्यादा कार्बन का उत्सर्जन करता है, जबकि दुनिया की आबादी में उसकी हिस्सेदारी महज तीन या चार प्रतिशत है.

    जर्मनी के दौरे पर गोयल ने बर्लिन में इंडिया सेंटर एंड इंडो जर्मन बिज़नेस फ़ोरम का उद्घान किया. वह 22 से 27 अक्तूबर के बीच जर्मनी और नीदरलैंड्स की यात्रा पर हैं.

    शुक्रवार को बर्लिन में एक राउंडटेबल ग्लोबल डायलॉग के दौरान उन्होंने पर्यावरण को लेकर प्रतिबद्धताओं पर विकसित देशों देशों को घेरा.

    पीयूष गोयल ने कहा, "इस गड़बड़ी के लिए सबसे पहले ज़िम्मेदार कौन है? ओजोन परत को नुक़सान कहाँ से पहुँचा? वायुमंडल में इतना सारा कार्बन किसने छोड़ा?"

    "भारत में दुनिया की 17% आबादी है, लेकिन वैश्विक कार्बन उत्सर्जन में योगदान 3% से भी कम है. यूरोप में दुनिया की कुल आबादी का शायद 3% या 4% है, लेकिन कार्बन उत्सर्जन योगदान बहुत बड़ा है... यह समस्या आपने पैदा की है."

    "आज भी, जब हम यहां बैठे हैं, तब प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन में मेरा योगदान शायद आपके योगदान के 10% या 15% से भी कम है. आज भी, प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन और प्रति व्यक्ति पर्यावरणीय प्रभाव के मामले में यूरोप का योगदान भारत से शायद सात या आठ गुना ज़्यादा है."

    "भारत में दुनिया की 17% आबादी है और कचरे के प्रबंधन और सर्कुलर इकोनॉमी को लेकर ज़्यादा जागरूक है. मुझे 1.4 अरब लोगों की जरूरतें भी पूरी करनी हैं. मुझे उनकी ऊर्जा और भोजन की ज़रूरतें पूरी करनी हैं और यह भी सुनिश्चित करना है कि मेरा देश सुरक्षित रहे. इन सबके बावजूद, स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में हमारा कार्यक्रम दुनिया में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाले कार्यक्रमों में से एक है."

  10. ताइवान में शक्तिशाली तूफ़ान चैंपी की आहट, 173 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने की आशंका

    ताइपेई
    इमेज कैप्शन, तूफ़ान आने से पहले ताइवान के ताइपेई में लोगों को बचाव के निर्देश दिए गए हैं

    शक्तिशाली तूफ़ान चैंपी के शुक्रवार को तट से टकराने को लेकर ताइवान हाई अलर्ट पर है.

    तूफ़ान के दौरान हवा की रफ्तार 173 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसका दायरा 320 किलोमीटर तक होगा, जिससे पूरा द्वीप इसकी चपेट में आ सकता है.

    इस बीच, अधिकारियों के अनुसार, ताइवान में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए हैं.

    सरकार के मुताबिक, 1,000 से अधिक लोगों को उनके घरों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

    ताइवान के अधिकारियों ने लोगों से तटों और पहाड़ी इलाकों से दूर रहने की अपील की है.

    उत्तर-पूर्वी तट पर भूस्खलन से बने एक बांध के पास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.

    तूफ़ान के दौरान इस बांध के टूटने का खतरा है.

    ताइवान और पड़ोसी जापान में कई दर्जन उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं.

    चीन के झेनजियांग प्रांत में नावें
    इमेज कैप्शन, तूफ़ान से पहले चीन के झेनजियांग प्रांत में मछली पकड़ेन वाली नावें किनारे लगा दी गईं

    चैंपी इस साल जापान में आने वाला 30वां तूफ़ान है. 2013 के बाद यह पहली बार है, जब जापान में इतने अधिक तूफ़ान आए हैं.

    फ़िलिपींस में इस तूफ़ान को रोसल नाम दिया गया है. वहां तूफ़ानों के नाम अंग्रेज़ी वर्णमाला के क्रम में रखे जाते हैं. इसका मतलब है कि साल के अंत तक वर्णमाला के आठ अक्षर अभी बाकी हैं. ऐसा होना असंभव नहीं है, लेकिन फ़िलिपींस में एक ही साल में A से Z तक के सभी नामों का इस्तेमाल होना बेहद दुर्लभ है.

    हाल के दिनों में तूफ़ानों की बढ़ती संख्या की वजह असामान्य रूप से शक्तिशाली अल नीनो को माना जा रहा है.

    यह एक प्राकृतिक घटना है, जो हर कुछ साल में प्रशांत महासागर में होती है. इसके कारण सूखे से लेकर तूफ़ान तक, कई तरह की चरम मौसमी घटनाएं हो सकती हैं.

    वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इस साल और भी तूफ़ान बन सकते हैं.

  11. मालदीव के राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू ने पाकिस्तान की तारीफ़ में कहीं कई बातें

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू

    मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने पाकिस्तान की अपनी पहली स्टेट विज़िट को दोनों देशों के संबंधों के लिए अहम बताया है.

    उन्होंने एक्स पर किए गए एक पोस्ट में बताया कि मालदीव और पाकिस्तान अगले दो साल में द्विपक्षीय व्यापार को 13 मिलियन डॉलर से बढ़ाकर 200 मिलियन डॉलर तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

    मुइज़्ज़ू ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और वहां के लोगों का गर्मजोशी से स्वागत और मेहमाननवाज़ी के लिए आभार जताया.

    उन्होंने लिखा, "मेरी पत्नी, प्रतिनिधिमंडल और मेरे प्रति असाधारण गर्मजोशी, स्नेह और शानदार मेहमाननवाज़ी के लिए आपका धन्यवाद."

    उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान 20 समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ.

    उनके मुताबिक, मालदीव-पाकिस्तान बिज़नेस फ़ोरम से दोनों देशों के बीच निवेश, व्यापारिक साझेदारी और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने की नींव रखी गई है.

    मुइज़्ज़ू ने लिखा, "मैं इस्लामाबाद से यादगार अनुभवों, गहरी कृतज्ञता और इस नए विश्वास के साथ विदा ले रहा हूं कि हमने एक अधिक मज़बूत, गतिशील और दोनों पक्षों के लिए लाभकारी साझेदारी की नींव रखी है."

    "हमारी छह दशकों की दोस्ती हमें यहां तक लेकर आई है. अब हमारी साझा सोच और दृढ़ संकल्प हमें नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे."

  12. चुनाव आयोग के ख़िलाफ़ हालिया प्रदर्शनों और राहुल गांधी पर पीएम मोदी ने क्या कहा

    पीएम मोदी
    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने गुरवार शाम कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है.

    गुरुवार शाम को एक निजी समाचार टीवी चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “जब दुनिया एक नई व्यवस्था की तलाश कर रही है, तब कुछ लोग भारत में अव्यवस्था का सपना देख रहे हैं. ये लोग भारत की छवि ख़राब करने पर तुले हैं. वे विदेश जाकर देश को बदनाम करते हैं और दूसरे देशों के लोगों से हमारे आंतरिक मामलों में दखल देने की अपील करते हैं.”

    पीएम मोदी ने कहा, “सवाल उठता है कि अपने नाकाम प्रोडक्ट को लॉन्च करने की लगातार कोशिश में कांग्रेस पार्टी कब तक देश को दांव पर लगाती रहेगी. एक साल में श्रीहरिकोटा स्थित हमारे अंतरिक्ष केंद्र से जितने लॉन्च होते हैं, उससे कम बार कांग्रेस अपने नेता को लॉन्च करने की नाकाम कोशिश नहीं करती.”

    “कांग्रेस को अपना विनाश करना है, तो वह ऐसा करने के लिए स्वतंत्र है. इससे हमें कोई लेना-देना नहीं है. लेकिन अपने परिवार को लगातार मिल रही नाकामियों के दाग़ से बचाने की बेताब कोशिश में कांग्रेस अब भारत की उपलब्धियों, उसकी ख़ूबियों और उसकी प्रगति पर ही सवाल उठा रही है.”

    उन्होंने गांधी परिवार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "कांग्रेस का यह परिवार अपनी ही पार्टी पर बोझ बन गया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता भी इस बात को समझते हैं. जब हम निजी तौर पर मिलते हैं, तो वे हमें यह बात बताते भी हैं. लेकिन अपमान का कड़वा घूंट पीकर वे चुप रहते हैं. कांग्रेस का यह रवैया सरकार के ईमानदार आलोचकों को भी नुक़सान पहुंचाता है. लोकतंत्र में इसकी भारी क़ीमत चुकानी पड़ती है. इससे ईमानदार आलोचकों को बहुत नुक़सान होता है.”

    “जो लोग वास्तव में हमारे लोकतंत्र और देश की भलाई की परवाह करते हैं, और सरकार के कट्टर विरोधी होने के बावजूद योगदान देना चाहते हैं, उन ईमानदार आलोचकों की आवाज़ कांग्रेस के लगातार शोर-शराबे और हंगामे के बीच दबकर रह जाती है. उन्हें अपनी बात रखने का कोई मौक़ा नहीं मिलता. हमने संसद में ऐसा होते देखा है..."

  13. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें.

    तिब्बत में आए शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 16 लोगों की मौत, सैकड़ों ज़ख़्मी

    विवेक रामास्वामी के समर्थन में आए ट्रंप, कहा- 'अगर मेरी मेरी मां मेरे बारे में कुछ भी बुरा कहतीं तो...'

    टाइगर श्रॉफ़ फ़ायरिंग केस में गिरफ़्तार बेगूसराय का ऋतिक कुमार कौन है?

    ऑनलाइन मंगाया गया सामान एक्सपायर्ड निकले तो आपके क्या अधिकार हैं?

    सऊदी अरब में बांग्लादेशी महिला कामगार कितनी सुरक्षित हैं?