नेतन्याहू ने हमास के हमले की आशंका जताई, कहा- 'हम उनका पीछा करेंगे'

इमेज स्रोत, Getty Images
इसराइल के प्रधानमंत्री ने आशंका जताई है कि हमास फिर हमला कर सकता है.
प्रधानमंत्री दफ़्तर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है, ''मैंने रक्षा मंत्री, आईडीएफ़ (इसराइली सेना) के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़, इसराइल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी (आईएसए) के निदेशक, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और आईडीएफ़ की सेंट्रल कमान के कमांडर के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की है.''
इसमें लिखा गया है, ''ऐसा लगता है कि हमास के आतंकवादी बड़े हमले की योजना बना रहे थे, जिसका मक़सद निर्दोष नागरिकों की हत्या करना था. वहां बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद मिलने से इसका संकेत मिलता है. हमारे बहादुर सैनिकों ने साहस और दृढ़ संकल्प के साथ इस हमले को नाकाम कर दिया. मैं उनकी कार्रवाई के लिए उनकी सराहना करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.''
''मैंने आईडीएफ़ और सुरक्षा बलों को हेब्रोन शहर की तत्काल घेराबंदी करने और यहूदिया और सामरिया से होने वाले आतंकवादी हमलों को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने का निर्देश दिया है.''
नेतन्याहू ने लिखा है, ''हमारे सुरक्षा बल अतिरिक्त जवानों की तैनाती के साथ आतंकवाद को नाकाम करने के लिए अभियान चला रहे हैं और बड़े पैमाने पर गिरफ़्तारियाँ कर रहे हैं.''
''हम हमास के आतंकवादियों और उन्हें भेजने वालों का पीछा करेंगे, चाहे वे कहीं भी हों और किसी भी समय.''
''तुम्हारे छिपने की कोई जगह नहीं है.''

इमेज स्रोत, Reuters
इसराइली अधिकारियों के मुताबिक, क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में गोलीबारी की घटना के बाद पांच इसराइली घायल हो गए, जबकि इसराइली सुरक्षा बलों ने फ़लस्तीनी हमलावर होने के संदेह में दो लोगों को मार गिराया.
सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपुष्ट वीडियो में हेब्रोन शहर के प्रवेश द्वार पर स्थित एक सैन्य चेकपोस्ट पर सैनिकों और बंदूकधारियों के बीच भीषण गोलीबारी होती दिख रही है.
यह हमला वेस्ट बैंक में बढ़ते तनाव के बीच हुआ है. जैतून की सालाना फसल की कटाई के दौरान चरमपंथी यहूदी बस्तियों के निवासी फ़लस्तीनियों को निशाना बना रहे हैं. वहीं, इसराइल में चार दिन बाद आम चुनाव होने हैं.











