ट्रंप के पाबंदियां हटने के दावे के बावजूद यूक्रेन में स्टारलिंक पर अब भी प्रतिबंध: सूत्र, गैब्रिएला पोमरॉय और हफ़्सा ख़लील

इमेज स्रोत, Getty Images
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने बताया है कि यूक्रेन में स्टारलिंक नेटवर्क की सेवाओं में अब भी दिक्कतें आ रही हैं.
यह स्थिति तब भी बनी हुई है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि एलन मस्क ने सैटेलाइट अपलिंक पर लगाई गई पाबंदियां हटा दी हैं.
सूत्रों ने बीबीसी को बताया कि 161 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से उड़ने वाले ड्रोन का कनेक्शन टूटने की घटनाएं दर्ज की जा रही हैं. इससे सैन्य अभियानों में बाधा आ रही है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने पहले इस बात से इनकार किया था कि उन्होंने टेक अरबपति एलन मस्क को स्टारलिंक की सैन्य-स्तर की समकक्ष सेवा स्टारशील्ड की कनेक्टिविटी सीमित करने का निर्देश दिया था. हालांकि, गुरुवार को उन्होंने कहा कि मस्क ने पाबंदियां हटा दी हैं.
मस्क ने पहले कहा था कि इस नेटवर्क की रफ़्तार धीमी करने के पीछे उनका हाथ नहीं था. इससे यूक्रेन की हमलावर ड्रोन इस्तेमाल करने और रक्षात्मक अभियानों में तालमेल बिठाने की क्षमता प्रभावित हुई थी.
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि सेना स्टारलिंक और स्टारशील्ड, दोनों नेटवर्क के प्रदर्शन पर लगातार नज़र रख रही है.













